बीजापुर समेत छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से लौटा मानसून, आज हल्की बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का सिलसिला जारी है। 8 अक्टूबर को बीजापुर समेत प्रदेश के कुछ और हिस्सों से मानसून लौट गया। हालांकि, उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
दिन में तेज धूप के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
रायपुर में 34 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बना रहेगा।
दो दिन बारिश की गतिविधियां कम रहने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
फिलहाल किसी भी जिले में भारी बारिश या अन्य मौसमी गतिविधियों को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है। मानसून की वापसी के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगी हैं। हालांकि, कुछ स्थानों पर स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण हल्की बारिश हो सकती है।





