छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून: आज से तीन दिन बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा और बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार 4 अगस्त से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
अगले तीन दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक राज्य में सामान्य से केवल 5 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जिसे विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों के दौरान भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और कई स्थानों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है।
तापमान की बात करें तो सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई है।
शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों के अनुसार अगस्त का महीना छत्तीसगढ़ की कृषि, विशेषकर धान की फसल के लिए बेहद अहम होता है। जुलाई के अंत तक राज्य में वर्षा सामान्य स्तर के करीब पहुंच चुकी है।
यदि अगस्त में भी अच्छी बारिश होती है तो खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा और किसानों की उम्मीदों को बल मिलेगा। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।





