पंजाब में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़: 4 नाबालिग समेत 9 गिरफ्तार, हथियार और पेट्रोल बम बरामद

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 4 नाबालिगों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और पेट्रोल से भरी 4 बोतलें बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर पेट्रोल बम के रूप में किया जाना था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार युवक विदेश में बैठे ISI हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों को सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने, अवैध हथियार जुटाने और पंजाब में शांति एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने जैसी गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा था।
जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के पास निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से रिकॉर्ड की गई फुटेज कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों तक भेजी जा रही थी, ताकि संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य संदिग्ध सदस्यों की पहचान, फंडिंग के स्रोत और विदेश से मिलने वाली आर्थिक मदद की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक के ओएचई पोल पर एक सीसीटीवी कैमरा मिला था, जिसे सोलर पैनल से बिजली दी जा रही थी। कैमरे के सिम कार्ड के आधार पर गुरदेव नामक व्यक्ति तक पुलिस पहुंची थी, जिसकी गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस का कहना है कि राज्य की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मॉड्यूल का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।





