मंत्री को मृत बताकर निकाली शव यात्रा: विधायक देवेन्द्र यादव समेत 17 कांग्रेस नेताओं पर FIR दर्ज

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में विरोध प्रदर्शन के दौरान मंत्री को मृत घोषित कर शोक पत्र छपवाने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। चंदनू थाना पुलिस ने भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव समेत 17 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। मामला झिरिया गांव में निकाली गई प्रतिकात्मक शव यात्रा से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, 9 मई को झिरिया गांव के बाजार चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुरूदयाल सिंह बंजारे भी मौजूद थे। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल को मृत घोषित करते हुए उनके नाम से शोक पत्र छपवाए गए।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने बांस से पुतला तैयार कर उसकी शव यात्रा मुख्य सड़क पर निकाली। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य अंजू बघेल ने चंदनू थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जो भी इस मामले में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इधर कांग्रेस ने पूरे मामले में सफाई दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन गौवंश हत्या के मामलों को लेकर किया गया था। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। पार्टी का कहना है कि विरोध पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से किया गया और जब तक कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।





