StateNewsदेश - विदेश

ब्रिटेन में भारतीय छात्रों से बदसलूकी: पार्क में घेरकर नस्लीय टिप्पणी की, देश छोड़ने की धमकी दी

लंदन। ब्रिटेन में तीन भारतीय छात्रों के साथ बदसलूकी और नस्लीय टिप्पणी का मामला सामने आया है। इंग्लैंड के सोलिहल स्थित मेरिडेन पार्क में टहल रहे छात्रों को ‘चेलम्सली वुड पैट्रियट्स’ नाम के एक समूह ने रोककर पूछताछ की और उनका वीडियो बनाया। आरोप है कि समूह के सदस्यों ने छात्रों को पार्क से दूर रहने और दोबारा दिखाई नहीं देने की चेतावनी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद विवाद बढ़ गया है। ग्रीन पार्टी ने इसे नस्लीय आधार पर निशाना बनाने का मामला बताया है, जबकि पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समूह के सदस्यों ने छात्रों से पूछा कि वे इंग्लैंड क्यों आए हैं। छात्रों ने बताया कि वे आमतौर पर बर्मिंघम में रहते हैं और उस दिन मेरिडेन पार्क घूमने आए थे। इनमें से एक छात्र ने बताया कि वह मास्टर डिग्री की पढ़ाई के लिए ब्रिटेन आया है और यहां दो साल से रह रहा है।

बातचीत के बाद दी चेतावनी

वीडियो में समूह का एक सदस्य छात्रों से कहता सुनाई देता है कि वे बच्चों के पार्क से दूर रहें और दोबारा वहां नजर न आएं। उन्हें यह भी कहा गया कि वे अपने एचएमओ यानी साझा आवास में लौट जाएं। समूह ने दावा किया कि वह बच्चों के लापता होने और यौन अपराधों से जुड़ी खबरों के कारण इलाके में गश्त कर रहा था। हालांकि, छात्रों को रोकने की वजह पर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रीन पार्टी ने की आलोचना

ग्रीन पार्टी के प्रतिनिधियों ने घटना की आलोचना करते हुए कहा कि छात्रों को उनकी नस्ल के आधार पर निशाना बनाया गया। पार्टी के काउंसिल उम्मीदवार शेष शेषभट्टर ने कहा कि छात्र कुछ गलत नहीं कर रहे थे और उन्हें सार्वजनिक स्थान पर घूमने का पूरा अधिकार है।

वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस और सोलिहल पुलिस ने कहा है कि उन्हें घटना और संबंधित समूह की जानकारी है। मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है। घटना ने ब्रिटेन में नस्लीय भेदभाव और प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Back to top button