ज्वेलरी शोरूम में घुसे बदमाशों ने चलाई गोली, कारोबारी ने कपड़ा फेंककर और कुर्सी से हमला कर नाकाम की लूट; दोनों आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर दुकान में घुसे और कारोबारी पर पिस्तौल तानकर तिजोरी की चाबी मांगने लगे। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की, लेकिन कारोबारी की सूझबूझ और बहादुरी से लूट की वारदात नाकाम हो गई।
घटना पिंटो पार्क स्थित प्रत्यक्षा ज्वैलर्स की है। जानकारी के मुताबिक, वारदात के समय दुकान संचालक विजय सोनी अकेले थे। रात करीब 10 बजे दो नकाबपोश युवक दुकान में दाखिल हुए। एक बदमाश ने विजय की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और तिजोरी खोलने के लिए कहा।
इस दौरान विजय सोनी ने घबराने के बजाय सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तिजोरी की चाबी निकालने के बहाने नीचे झुककर पास में रखा कपड़ा उठाया और उसे बदमाश के चेहरे पर फेंक दिया। अचानक हुए इस हमले से आरोपी घबरा गया।
इसी बीच दूसरे बदमाश ने हमला करने की कोशिश की, लेकिन विजय ने पास में रखी भारी कुर्सी उठाकर उसकी ओर फेंक दी। इसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए।
भीड़ ने भागने की कोशिश कर रहे दोनों बदमाशों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने के बाद गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान अशोकनगर निवासी विकास राय और अजय केवट के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है।
पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।





