रायगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म: सीनियर छात्र गिरफ्तार, धमकी देकर करता था परेशान

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगए़ जिले से नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, आर्यन सोनी नामक सीनियर छात्र ने घर में अकेली पाकर उसके साथ जबरन गलत काम किया। घटना के बाद आरोपी ने उसे फोन पर बदनाम करने की धमकी दी और गाली-गलौज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। मामले की शिकायत पीड़िता ने महिला थाने में दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि आरोपी आर्यन सोनी और उसके कुछ दोस्त पहले उनके घर आते-जाते थे। अक्टूबर 2025 में जब 16 वर्षीय लड़की घर पर अकेली थी, तब आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, नवंबर में उसने दोबारा इस तरह की हरकत करने की कोशिश भी की।
डर और बदनामी के भय से नाबालिग ने काफी समय तक यह बात किसी को नहीं बताई। लेकिन आरोपी और उसके साथियों द्वारा लगातार फोन कर धमकी देने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई। अंततः उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO Act समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।





