रायपुर की थ्रीडी फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट: तीन मजदूरों की मौत, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका

रायपुर। रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित बेन्द्री की थ्रीडी फैक्ट्री में मंगलवार शाम हुए भीषण विस्फोट में दो मजदूरों की मौत हो गई।
शुरुआती जानकारी में दो मजदूरों के मारे जाने की खबर थी, लेकिन अस्पताल ले जाते समय घायल मजदूर कमल सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों का नाम मध्य प्रदेश निवासी कमल सिंह,लाल सिंह और जांजगीर चांपा निवासी अरुण पांडे बताया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मजदूर का पैर कटकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा।
ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री परिसर में धुआं फैल गया और वहां मौजूद कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, डीसीपी, एडीसीपी नॉर्थ, एसीपी, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं।
राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास का क्षेत्र खाली करा दिया गया और पूरे परिसर को पुलिस ने घेर लिया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे के कारणों और किसी संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।





