घर में घुसकर चाकू की नोक पर बुजुर्ग दंपती से लूट, CCTV में कैद हुई वारदात; 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। एक नकाबपोश बदमाश ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती को चाकू की नोक पर धमकाया और महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटकर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
घटना नेवई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और वह घर में अचानक दाखिल हुआ। घर में मौजूद बुजुर्ग दंपती कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर उन्हें डराना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने महिला के गले से सोने का नेकलेस छीना और वहां से भाग निकला।
CCTV फुटेज में नकाबपोश आरोपी घर के अंदर घूमता और वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और महज 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विभान्शु महोबिया (21) के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के मंडला जिले का रहने वाला है और वर्तमान में भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर में किराए के मकान में रह रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इस वारदात की योजना कैसे बनाई और क्या वह पहले भी किसी अपराध में शामिल रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं, इस घटना ने बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।





