BRICS डिनर में मलेशियाई PM ने गाया किशोर कुमार का गाना, ‘ख्वाब हो तुम…’ पर झूमे

दिल्ली। BRICS समिट के दौरान शनिवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का अलग अंदाज देखने को मिला। नई दिल्ली में आयोजित डिनर में उन्होंने किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…’ गाया।
इसके बाद उन्होंने मुकेश का लोकप्रिय गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा…’ भी गुनगुनाया। अनवर ने करीब डेढ़ मिनट का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर शेयर किया और लिखा- “गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?”
किशोर कुमार के फैन हैं अनवर
‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ 1965 में आई फिल्म ‘तीन देवियां’ का गाना है। इसे किशोर कुमार ने आवाज दी थी, जबकि संगीत एसडी बर्मन और गीत मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था। वहीं ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ फिल्म ‘संगम’ का गीत है, जिसे मुकेश ने गाया था। इसका संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया और बोल शैलेंद्र ने लिखे थे।
अनवर इब्राहिम पहले भी किशोर कुमार के गाने के प्रति अपनी पसंद जाहिर कर चुके हैं। 2024 में भारत में दिए एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यही गाना गुनगुनाया था। फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान भी अनवर ने एक वीडियो मोंटाज शेयर किया था, जिसमें फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का लोकप्रिय गीत ‘बोले चूड़ियां’ इस्तेमाल किया गया था।
मलेशिया में भारतीय फिल्मों की बड़ी लोकप्रियता
मलेशिया में भारतीय मूल की करीब 27.5 लाख आबादी है। इनमें बड़ी संख्या तमिल भाषी लोगों की है। यहां बॉलीवुड के साथ तमिल फिल्मों की भी अच्छी लोकप्रियता है। शाहरुख खान की ‘दिलवाले’, ‘जवान’ और ‘पठान’ ने मलेशियाई बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार किया है। तमिल सिनेमा में रजनीकांत, अजित कुमार, विजय और शिवकार्तिकेयन की फिल्मों को भी दर्शकों का समर्थन मिलता रहा है।
2022 में बने मलेशिया के प्रधानमंत्री
अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2022 को पदभार संभाला था। इससे पहले वे देश के डिप्टी प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं। 1998 में उन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री महाथिर मोहम्मद ने सरकार से हटा दिया था। इसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा। रिहाई के बाद वे लंबे समय तक विपक्ष में रहे और 2022 के आम चुनाव के बाद प्रधानमंत्री बने।





