ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रदेश के नगरीय निकायों को बड़ी राहत: मरम्मत-संधारण कार्यों के लिए 22.6 करोड़ की आपात निधि जारी

रायपुर। प्रदेश के शहरों और कस्बों में बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव को मजबूत करने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने सभी नगरीय निकायों को मरम्मत एवं संधारण कार्यों के लिए 22 करोड़ 6 लाख रुपए की आपात निधि जारी कर दी है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) के लिए प्रदान की गई है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के निर्देश पर संचालनालय ने प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को राशि हस्तांतरित कर दी है। इस निधि का उपयोग सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं के मरम्मत एवं संधारण कार्यों में किया जाएगा।

नगर निगमों को मिली सबसे ज्यादा राशि

विभाग द्वारा जारी राशि में सबसे बड़ा हिस्सा 14 नगर निगमों को मिला है। नगर निगमों के लिए कुल 13 करोड़ 76 लाख रुपए की आपात निधि स्वीकृत की गई है। वहीं प्रदेश की 56 नगर पालिकाओं को 5 करोड़ 18 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं।

इसके अलावा 124 नगर पंचायतों के लिए 3 करोड़ 66 लाख रुपए जारी किए गए हैं, जिससे छोटे शहरों और कस्बों में भी आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर कराए जा सकेंगे।

नागरिक सुविधाओं को मिलेगा लाभ

नगरीय प्रशासन विभाग का कहना है कि आपात निधि जारी होने से बरसात के मौसम में आवश्यक मरम्मत कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही नगरीय निकायों को छोटी-बड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध होगी। इससे नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकेंगी और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आएगी।

Related Articles

Back to top button