छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 8 आईएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा के 10 अधिकारियों के तबादले

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के आठ अधिकारियों तथा राज्य प्रशासनिक सेवा के 10 अधिकारियों का तबादला किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश के मुताबिक, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रिमिजियस एक्का को नगरीय प्रशासन विभाग के साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गजेंद्र सिंह ठाकुर को उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग बनाया गया है।
वहीं, प्रतीक जैन को जिला पंचायत कोरबा, सुरूचि सिंह को नगर पालिक निगम भिलाई का आयुक्त, जयंत नाहटा को जिला पंचायत धमतरी, एम. भार्गव को जिला पंचायत दंतेवाड़ा, तन्मय खन्ना को जिला पंचायत बस्तर तथा दुर्गा प्रसाद अधिकारी को जिला पंचायत राजनांदगांव का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है।
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। इंद्रजीत बर्मन को स्वास्थ्य सेवाएं, राजीव कुमार पांडेय को उच्च शिक्षा संचालनालय, भारती चंद्राकर को मार्कफेड, दिनेश कुमार नाग को छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन तथा नयनतारा सिंह तोमर को चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा गोकुल राम राबटे को जिला पंचायत मुंगेली, आशुतोष चतुर्वेदी को बलरामपुर-रामानुजगंज तथा अभिषेक कुमार गुप्ता को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। प्रभाकर पांडेय को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शशांक पांडेय को छत्तीसगढ़ रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन में पदस्थ किया गया है।
सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से विभागों के कामकाज में गति आएगी और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।





