ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नागोई डबल मर्डर केस में बड़ा एक्शन: 4 आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में गई दो लोगों की जान

रायपुर। कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के ग्राम नागोई में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन का कहना है कि घटना के पीछे कई वर्षों से चली आ रही आपसी रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व का विवाद प्रमुख वजह है।

जानकारी के मुताबिक 16 और 17 जून की दरम्यानी रात नागोई गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दो लोगों की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच कई बार तनाव की स्थिति भी बनी थी। इसी पुरानी दुश्मनी ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। पुलिस ने मामले में सोनहत थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

इधर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील भी की गई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की अपील करते हुए कहा है कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।

Related Articles

Back to top button