ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

HPV वैक्सीनेशन में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि: 1.66 लाख बेटियों को लगा टीका, 2 जिले बने मिसाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 14 वर्षीय बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाया जा रहा HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में अब तक 1.66 लाख से अधिक पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूलों, समुदायों और अभिभावकों के बीच लगातार किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों का असर अब दिखाई देने लगा है।

अभियान में कोरिया और बलरामपुर जिले ने अपने लक्ष्य के मुकाबले 100% टीकाकरण पूरा कर लिया है। स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के साथ मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के समन्वय से इन जिलों में सभी पात्र बालिकाओं तक वैक्सीन पहुंचाई गई। इन दोनों जिलों की उपलब्धि दूसरे जिलों के लिए भी उदाहरण बनी है।

अभिभावकों की शंकाएं दूर कर बढ़ाया भरोसा

अभियान के शुरुआती दौर में कई अभिभावकों ने वैक्सीन की सुरक्षा, जरूरत और प्रभावशीलता को लेकर सवाल किए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बैठकें और व्यक्तिगत संवाद के जरिए उन्हें जानकारी दी। इसके बाद टीकाकरण को लेकर सहमति बढ़ी और अभियान की रफ्तार तेज हुई।

जिन जिलों में कवरेज अपेक्षाकृत कम है, वहां अभिभावक बैठकें, स्कूल स्तर पर संवाद, विशेष संपर्क अभियान और घर-घर जाकर परामर्श किया जा रहा है। इससे रोज बड़ी संख्या में नई बालिकाएं टीकाकरण अभियान से जुड़ रही हैं।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार HPV संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। HPV वैक्सीन इस कैंसर से बचाव का प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन समेत कई स्वास्थ्य संस्थाएं इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता को मान्यता देती हैं। यही वजह है कि कई देशों में HPV टीकाकरण सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का हिस्सा है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि हर पात्र बालिका तक सुरक्षा कवच पहुंचाना है। आने वाले दिनों में शेष बालिकाओं तक टीका पहुंचाने के लिए जागरूकता और टीकाकरण गतिविधियां और तेज की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button