ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

माँ शिवा स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: फर्नेस बॉयलिंग के दौरान 5 मजदूर झुलसे, 2 की हालत गंभीर

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित माँ शिवा स्टील प्लांट में गुरुवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। सुबह करीब 7:30 बजे फर्नेस बॉयलिंग के दौरान हुए हादसे में पांच मजदूर झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल मजदूरों का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट में नियमित कार्य के दौरान अचानक फर्नेस बॉयलिंग की घटना हुई, जिसकी चपेट में आकर मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद कर्मचारियों और प्रबंधन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा।

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। वहीं औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम तथा घरघोड़ा एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जानकारी ली। अधिकारियों ने प्लांट प्रबंधन से सुरक्षा मानकों और घटना के समय की परिस्थितियों को लेकर पूछताछ की।

फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना तकनीकी खराबी, सुरक्षा में लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई। गंभीर रूप से झुलसे दोनों मजदूरों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button