CGPSC भर्ती घोटाला: पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को आज ED कोर्ट में करेगी पेश, रिमांड बढ़ाने की मांग संभव

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले में गिरफ्तार पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) गुरुवार को पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश करेगा। पांच दिन की रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी उनसे आगे पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड या न्यायिक अभिरक्षा की मांग कर सकती है।
ईडी ने सोनवानी को 25 जुलाई को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का दावा है कि जांच के दौरान भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच में वर्ष 2021 के भर्ती नियमों में परिवार की परिभाषा में बदलाव कर हितों के टकराव से जुड़े प्रावधानों को कमजोर किए जाने के आरोप भी शामिल हैं।
ईडी के अनुसार, पीएमएलए की धारा-50 के तहत पूछताछ के दौरान टामन सिंह सोनवानी ने कई सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दिए और महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं। एजेंसी का आरोप है कि कथित अपराध से अर्जित रकम का एक हिस्सा नकद में लिया गया, जबकि शेष राशि बैंकिंग लेन-देन और लेयरिंग के जरिए इधर-उधर की गई।
ईडी का कहना है कि मनी ट्रेल, आर्थिक लेन-देन और मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच अभी जारी है। वहीं, सोनवानी पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में सुनवाई और जांच पूरी होने के बाद ही होगी।





