ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान बनीं महक नरवासे, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

रायपुर। राजनांदगांव जिले की युवा क्रिकेट प्रतिभा महक नरवासे ने छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों टीमों की उपकप्तान नियुक्त होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महक नरवासे को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित सौजन्य मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने महक को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि महक नरवासे की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार और राजनांदगांव जिले की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश-प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के बल पर यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि महक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने महक को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खिलाड़ी निरंतर मेहनत करते हुए नई ऊंचाइयों को छूते रहें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को पहचान देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि महक नरवासे का भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनना प्रदेश में मजबूत हो रहे खेल वातावरण और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों का उदाहरण है।

इस अवसर पर महक नरवासे ने मुख्यमंत्री साय का सम्मान और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उनके पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button