ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महादेव सट्टा केस: विकास गर्ग की न्यायिक रिमांड 14 दिन बढ़ी, 1200 करोड़ की कंपनी खरीद मामले में ED तेज करेगी जांच

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार आगे बढ़ रही है।

EBIX कंपनी के मालिक विकास गर्ग को 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

ED का दावा है कि पूछताछ के दौरान कई अहम दस्तावेज और जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर जांच का दायरा और बढ़ाया जाएगा।

ED के मुताबिक, विकास गर्ग से 10 दिनों तक बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और कथित अवैध धन के इस्तेमाल को लेकर गहन पूछताछ की गई।

एजेंसी का कहना है कि जांच में महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की मनी ट्रेल और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

जांच एजेंसी का आरोप है कि विकास गर्ग के महादेव ऐप के मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से कारोबारी एवं आर्थिक संबंध रहे हैं।

पूछताछ के दौरान दोनों के बीच हुए वित्तीय लेनदेन और कारोबारी संपर्कों से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं। साथ ही सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके परिजनों से जुड़े बैंक खातों में रकम जमा किए जाने संबंधी अहम जानकारियां भी एजेंसी के हाथ लगी हैं।

ED पहले ही आरोप लगा चुकी है कि महादेव ऑनलाइन सट्टे से अर्जित अवैध कमाई को विभिन्न कंपनियों और वित्तीय माध्यमों के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि सट्टे की रकम का इस्तेमाल विदेशों में निवेश और करीब 1,175 करोड़ (करीब 1200 करोड़) रुपए में एक अमेरिकी कंपनी खरीदने के लिए किए जाने के आरोपों की जांच भी की जा रही है।

ED का कहना है कि विकास गर्ग से मिली जानकारी के आधार पर अब सिंडिकेट से जुड़े रसूखदार लोगों, संदिग्ध कारोबारी सहयोगियों और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों से पूछताछ की जाएगी। एजेंसी आने वाले दिनों में इस मामले में नई कार्रवाई और बड़े खुलासे होने की संभावना जता रही है।

Related Articles

Back to top button