लोअर कोर्ट के जज ने किया सुसाइड: पत्नी के दुपट्टे से लगाई फांसी, पिता से कहा था- जीना मुश्किल हो गया है

दिल्ली। दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात एक न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से न्यायिक महकमे में हड़कंप मच गया है। नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (DLSA) के फुल-टाइम सेक्रेटरी के रूप में पदस्थ अमन कुमार शर्मा ने कथित तौर पर पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वे महज 30 साल के थे।
परिजनों के मुताबिक घटना से पहले अमन मानसिक रूप से काफी परेशान थे। उन्होंने मौत से एक दिन पहले अपने पिता को फोन कर कहा था कि उनका जीना मुश्किल हो गया है। इसके बाद पिता अलवर से दिल्ली पहुंचे। रिश्तेदारों का दावा है कि घर पहुंचने पर पता चला कि अमन और उनकी पत्नी स्वाति, जो खुद भी न्यायिक अधिकारी हैं, के बीच विवाद चल रहा था।
परिवार का आरोप है कि शुक्रवार रात दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को भी कथित तौर पर पुलिस बुलाने की धमकी दी गई। शनिवार सुबह फिर विवाद हुआ, जिसके बाद अमन दूसरे कमरे में चले गए। कुछ देर तक कोई आवाज नहीं आने पर पिता ने फोन किया, लेकिन मोबाइल बाथरूम के अंदर बजता रहा।
गार्ड की मदद से खिड़की तोड़कर दरवाजा खोला गया, जहां अमन फंदे से लटके मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी। वे जेएमएफसी और सिविल जज के रूप में कई मामलों की सुनवाई कर चुके थे। अक्टूबर 2025 से वे कड़कड़डूमा कोर्ट में DLSA के पूर्णकालिक सचिव के रूप में कार्यरत थे।





