StateNewsदेश - विदेश

BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प: BJP जिलाध्यक्ष के घर में तोड़फोड़ का आरोप; मंत्री के कैंप ऑफिस और पार्टी दफ्तर की सुरक्षा बढ़ाई

नलगोंडा। तेलंगाना के नलगोंडा में सोमवार रात भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद झड़प की स्थिति बन गई। BJP ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के जिलाध्यक्ष नागम वार्षित रेड्डी के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख राजनीतिक कार्यालयों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी।

पुलिस ने मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी के कैंप ऑफिस और BJP के जिला कार्यालय पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।

मंत्री के कैंप ऑफिस में तोड़फोड़ के बाद विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत सोमवार को BJP कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी के कैंप ऑफिस में कथित तोड़फोड़ के बाद हुई। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव बढ़ गया।

इससे पहले यूथ कांग्रेस की ओर से किए गए प्रदर्शन के दौरान BJP कार्यालय के गेट पर कथित तौर पर काला रंग फेंके जाने की घटना भी सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार अभी तक BJP या कांग्रेस की ओर से घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

Related Articles

Back to top button