ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कारीगर 150 ग्राम सोना लेकर फरार, चार महीने बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

पहले कई बार फाइन गोल्ड लेकर जेवर बनाकर लौटाता रहा; मां की तबीयत खराब होने का हवाला देकर गया पश्चिम बंगाल, दोनों मोबाइल नंबर बंद

रायपुर। राजधानी रायपुर में जेवर बनाने के लिए कारोबारी से 150 ग्राम फाइन गोल्ड लेकर कारीगर के फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले कई बार कारोबारी से सोना लेकर जेवर तैयार किए और वापस किए थे। लगातार लेन-देन के चलते कारोबारी का उस पर भरोसा बन गया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी सोना लेकर गायब हो गया।

मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी शुभांकर हलदर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है।

15 अप्रैल को लिया था 150 ग्राम फाइन गोल्ड

पुलिस के अनुसार, बुढ़ापारा स्थित मां महालक्ष्मी ज्वेलरी वर्कशॉप संचालक तापस सामंता करीब 20 वर्षों से ज्वेलरी कारोबार से जुड़े हैं। आरोपी शुभांकर हलदर उनके यहां सोने-चांदी के जेवर बनाने का काम करता था।

पहले कई बार सोना लेकर जेवर तैयार कर लौटाने के कारण कारोबारी को उस पर विश्वास था। इसी के चलते 15 अप्रैल 2026 को शुभांकर ने वर्कशॉप से 150 ग्राम फाइन गोल्ड लिया। उसे इस सोने से जेवर बनाकर वापस करने थे।

मां की तबीयत खराब होने का दिया हवाला

18 अप्रैल को कारोबारी ने फोन कर जेवर तैयार होने की जानकारी ली। आरोपी ने कहा कि जेवर अभी तैयार नहीं हुए हैं। उसने बताया कि पश्चिम बंगाल के नादिया में रहने वाली उसकी मां की तबीयत खराब है और उसे गांव जाना पड़ सकता है।

20 अप्रैल को वह मां को देखने जाने की बात कहकर चला गया। इसके बाद उसने कारोबारी से संपर्क बंद कर दिया। काफी समय बाद कारोबारी ने उसके मोबाइल नंबरों पर फोन किया तो दोनों नंबर बंद मिले।

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

कारोबारी ने आरोपी की अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। जांच में प्रथम दृष्टया अमानत में दिए गए सोने का दुरुपयोग किए जाने की बात सामने आने पर मामला दर्ज किया गया।

एफआईआर में 150 ग्राम फाइन गोल्ड को संबंधित संपत्ति बताया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button