StateNewsदेश - विदेश

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर: CRPF नाके पर हमले में था शामिल, उमर डार के साथ की थी रेकी

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। जंगलपोरा इलाके में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट मारा गया।

वह 11 नवंबर को अखरान स्थित CRPF नाके पर हुए हमले में शामिल था। सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था।

इसी दौरान आतंकियों से सामना हुआ और दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।

सुबह 4 बजे शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार देर रात आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में घेराबंदी शुरू की।

बुधवार सुबह करीब 4 बजे तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों और जवानों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। इसी कार्रवाई में लश्कर कमांडर लतीफ भट मारा गया।

जानकारी के मुताबिक, लतीफ एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन इसके बाद गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई।

CRPF नाके पर हमले से पहले की थी रेकी

जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, लतीफ भट और मारे गए आतंकी उमर निसार डार ने 10 नवंबर को सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए कई इलाकों की रेकी की थी। इनमें मीर बार, अखरान, हबलिश और किलाम शामिल हैं। पुलिस को 10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज में दोनों की गतिविधियां दिखाई दी थीं।

जांच के मुताबिक, दोनों आतंकियों ने 11 नवंबर को अखरान स्थित CRPF नाके पर हमला किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए थे। इस हमले में लतीफ की भूमिका सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।

उमर डार के मारे जाने के बाद मिली अहम जानकारी

पुलिस ने मंगलवार को एक अन्य मुठभेड़ में मारे गए आतंकी उमर निसार डार से जुड़ी जानकारी साझा की थी। इसके बाद लतीफ की तलाश तेज की गई। खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने जंगलपोरा में ऑपरेशन चलाया, जिसमें लतीफ को मार गिराया गया।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को कुलगाम में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान और सुरक्षा जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button