नाले में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, नहाने के लिए घर से निकला था

बालको थाना क्षेत्र के तिलाईडांड की घटना; पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेला के तिलाईडांड में रविवार को नाले में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पानी में शव तैरता देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही बालको पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को नाले से बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सुरेश कुमार कुजूर (25) के रूप में हुई है। वह तिलाईडांड निवासी लोकनाथ कुजूर का बेटा था। परिजनों के मुताबिक, सुरेश रोज की तरह नहाने के लिए गांव के नाले की ओर गया था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजन उसे तलाशने के लिए नाले की तरफ गए।
परिजनों ने वहां पानी में सुरेश का शव तैरता देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची डीडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
घटना के बाद बालको पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना को लेकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक नाले में किस परिस्थिति में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच आगे बढ़ा दी है और परिजनों व ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।





