ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ROB-RUB कार्यों में तेजी लाने के निर्देश: PWD सचिव बोले- बाधाएं हटाएं, रेलवे से बेहतर समन्वय बनाकर समय पर पूरे करें प्रोजेक्ट

रायपुर। प्रदेश में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और रेलवे अंडरब्रिज (RUB) परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय और रेलवे अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जहां भी कार्य शुरू नहीं हो सके हैं, वहां आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कर निर्माण जल्द शुरू कराया जाए।

मंत्रालय में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर के प्रधान मुख्य अभियंता अवनीश कुमार पाण्डेय समेत दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

सचिव बंसल ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने, भूमि व्यपवर्तन, नामांतरण, भू-अर्जन और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इससे परियोजनाओं को समय पर पूरा कर लोगों को रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी।

उन्होंने यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि बिजली, पानी और अन्य सेवाओं के स्थानांतरण में देरी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।

जहां ड्राइंग, डिजाइन या प्राक्कलन तैयार करने के लिए संयुक्त निरीक्षण की जरूरत हो, वहां लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारी तुरंत संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करें।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी ROB और RUB परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

सचिव ने दोनों विभागों के अधिकारियों को हर तीन महीने में समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का आकलन करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षित, सुगम और तेज आवागमन सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Related Articles

Back to top button