कोरबा में सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश, निर्माण कार्यों की होगी नियमित निगरानी

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने किया सड़कों का निरीक्षण, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने कहा

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कोरबा जिले में सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने के साथ बीटी पैच कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा है। सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं।

मुकेश कुमार बंसल ने कोरबा में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और काम में आने वाली बाधाओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़कों की बेहतर स्थिति से लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। बैठक में कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी भी मौजूद रहे।

इन मार्गों का किया निरीक्षण

विभागीय सचिव ने कोरबा जिले में कटघोरा-हरदीबाजार-बलौदा-अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और हरदीबाजार-तरदा-सर्वमंगला-इमलीछापर मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक निर्माणाधीन सीमेंट-कांक्रीट सड़क का भी जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने 2.84 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में देरी से आम लोगों को होने वाली परेशानी को कम करना जरूरी है। इसके लिए अधिकारी फील्ड में जाकर काम की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित जांच करें।

निरीक्षण के दौरान बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आरके रात्रे, अधीक्षण अभियंता सुरेश भूपल, कोरबा संभाग के कार्यपालन अभियंता जीआर जांगड़े सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

↑
Exit mobile version