23 अक्टूबर को बस्तर के मुरिया दरबार में शामिल होंगी राष्ट्रपति मुर्मु

CM साय बोले- राष्ट्रपति का बस्तर आगमन गौरव का अवसर; छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच, महिलाओं को फ्री एंट्री

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगी। 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचकर मुरिया दरबार में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का बस्तर आगमन प्रदेश के लिए प्रसन्नता और गौरव का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति को बस्तर आने का आमंत्रण दिया गया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी उनसे यहां आने का आग्रह किया गया था। राष्ट्रपति ने इस आमंत्रण को स्वीकार किया है। उनके प्रवास से बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर महत्व मिलने का अवसर होगा।

नक्सल हिंसा प्रभावितों का आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास

मुख्यमंत्री साय ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता मिले, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि अमित शाह के संबोधन से प्रभावित लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है।

महिला क्रिकेट मैच में महिलाओं को मुफ्त प्रवेश

छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होने जा रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। इससे प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

↑
Exit mobile version