कई बेटिंग पैनल ध्वस्त; म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए रकम विदेश भेजने के साक्ष्य मिले
दिल्ली। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने देशभर में बड़ा तलाशी अभियान चलाया है। जांच एजेंसी ने 6 राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी कर कई बेटिंग पैनल ध्वस्त किए हैं।
कार्रवाई में मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े डिजिटल सबूत भी मिले हैं।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद कार्रवाई
CBI के मुताबिक, यह छापेमारी महादेव ऐप के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की गई। मुख्य आरोपी और ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर ऑपरेटरों के नेटवर्क की पहचान की गई। चंद्राकर को 1 नवंबर को ओमान से भारत लाया गया था।
तलाशी के दौरान कई जगह अवैध ऑनलाइन बेटिंग और जुए के पैनल सक्रिय मिले। जांच एजेंसी ने इन्हें ध्वस्त कर दिया। आरोप है कि इन पैनलों के जरिए ग्राहकों की आईडी बनाई जाती थी और सट्टे की रकम जमा कराई जाती थी।
म्यूल अकाउंट से हवाला तक नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि सट्टे से जुटाई गई रकम के लेन-देन के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। इन खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। इसके बाद कथित तौर पर हवाला चैनलों के जरिए मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती थी।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में चंद्राकर
पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
CBI के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार से मामला ट्रांसफर होने के बाद इस संबंध में दो FIR दर्ज की गई थीं। एजेंसी अब विदेश में बैठे आरोपियों, नेटवर्क संचालकों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।
CBI ने लोगों को चेताया है कि अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज दूसरों को इस्तेमाल के लिए देना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
