शहीदों के परिवारों का सम्मान हमारी नैतिक जिम्मेदारी: राज्यपाल रमेन डेका ने शौर्य दिवस पर परिजनों को किया सम्मानित

रायगढ़। शहीद जवानों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। एक सैनिक के बलिदान में उसका पूरा परिवार त्याग करता है। इसलिए शहीद परिवारों के सुख-दुख में सहभागी बनना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। यह बात राज्यपाल रमेन डेका ने शुक्रवार को रायगढ़ में शौर्य दिवस समारोह में कही।

शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए जवानों का त्याग हमेशा याद रखा जाएगा। शहीद परिवारों का सम्मान किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

युवाओं से शहीदों से प्रेरणा लेने की अपील

राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षा बलों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच जवानों ने अदम्य साहस दिखाया है। अनेक जवानों ने प्रदेश और देश की शांति के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने युवाओं से शहीदों के साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को जीवन में अपनाने की अपील की। कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना भी सच्ची देशभक्ति है।

सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि

कार्यक्रम में राज्यपाल ने सेना में करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी। इनमें सैनिक स्कूल के पांच विद्यार्थी और कक्षा 9वीं के तीन विद्यार्थी शामिल थे।

इसके अलावा ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि और भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

समारोह में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमांडेंट अजय सिंह बिसेन सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version