धरमजयगढ़ में आज जनजातीय गौरव दिवस: नितिन नबीन और CM साय होंगे शामिल, 7.89 लाख आदिवासी परिवारों को मिले पक्के मकान

रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नबीन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों के योगदान को याद करने के साथ आदिवासी समाज के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी।

कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के अलावा शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु के संघर्ष और योगदान को नमन किया जाएगा। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।

19.89 लाख से ज्यादा जनजातीय महिलाओं को महतारी वंदन का लाभ

कार्यक्रम के लिए जारी आंकड़ों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास योजनाओं के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। धरती आबा अभियान से 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों और पीएम जनमन योजना से 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों को लाभ मिला है।

34 हजार से ज्यादा विद्यार्थी आवासीय स्कूलों में पढ़ रहे

प्रदेश के 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ले रहे हैं। पिछले दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति दी गई है। दिल्ली स्थित जनजातीय युवा छात्रावास की क्षमता भी 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है।

4.88 लाख से ज्यादा व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टे

वनाधिकार कानून के तहत प्रदेश में 4 लाख 88 हजार से अधिक व्यक्तिगत, 46,868 सामुदायिक और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए गए हैं। वहीं, जनजातीय विरासत के संरक्षण के लिए नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपए की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और डिजिटल संग्रहालय विकसित किया गया है।

↑
Exit mobile version