रायपुर में कारोबारी के 53 लाख उड़ाए, गीजर-TV और खिलौनों में छिपाई रकम; दोनों आरोपी गिरफ्तार

एक हफ्ते से कर रहे थे कारोबारी की रेकी, पहचान छिपाने रास्ते में बदलते थे कपड़े; पुलिस ने पूरी रकम बरामद की

रायपुर। राजधानी में रेडीमेड कपड़ा कारोबारी की एक्टिवा से 53 लाख रुपए से भरा बैग चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी की रकम अपने घरों में गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने दोनों के कब्जे से पूरी रकम बरामद कर ली है। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी रास्ते में कपड़े बदलते रहे और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल करते थे।

पुलिस के मुताबिक, शैलेन्द्र नगर निवासी किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11:40 बजे वे एक्टिवा से दुकान जाने निकले थे। स्कूटी के सामने रखे सफेद बैग में 53 लाख रुपए थे। कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक पर वे पान खाने रुके। करीब पांच मिनट बाद लौटे तो बैग गायब था। उन्होंने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

एक हफ्ते से कर रहे थे रेकी

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बिना नंबर की पल्सर बाइक पर दो संदिग्ध नजर आए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मनीष यदु (39) और कमलेश कुशवाहा (36) की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब एक हफ्ते से कारोबारी की दिनचर्या पर नजर रख रहे थे। वारदात के बाद उन्होंने पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदले और पुलिस की निगरानी से बचने की कोशिश की।

घर में अलग-अलग जगह छिपाए रुपए

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 53 लाख रुपए बरामद किए। इसके अलावा तीन बैंक खाते फ्रीज कराए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक और दो मोबाइल भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे जेल जा चुके हैं।

↑
Exit mobile version