रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव आयोजित किया जाएगा।
इस बार महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की।
जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित विभिन्न भाषाओं और बोलियों में लोकज्ञान, लोककथाओं और परंपराओं की समृद्ध विरासत मौजूद है। साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य और लोकभाषाओं को प्रमुख स्थान दिया जाएगा। इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण भी जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों से जुड़ी रहें।
युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युवा भारत’ थीम देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को सामने लाएगी। युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने और वरिष्ठ साहित्यकारों से सीखने का अवसर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने पिछले आयोजन में प्रदेशभर में हुई कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच देने की है।
पिछले आयोजन की सफलता के बाद बढ़ेगा दायरा
मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में आयोजित पहला साहित्य उत्सव सफल रहा था और देशभर में इसकी चर्चा हुई थी। इस बार इसे और व्यापक और भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।
वरिष्ठ साहित्यकारों और रचनाकारों ने भी पिछले आयोजन के अनुभव साझा कर इसे बेहतर बनाने के सुझाव दिए।
कार्यक्रम में साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास सहित प्रदेशभर के साहित्यकार, कवि और लेखक मौजूद रहे।
