510 करोड़ की सड़क परियोजना का निरीक्षण: PWD सचिव बोले- गुणवत्ता से समझौता नहीं, खामियां दूर कर दोबारा बनाएं

रतनपुर बायपास और राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों की समीक्षा, मानकों के अनुरूप काम पूरा होने तक भुगतान रोकने के निर्देश
रायपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को बिलासपुर जिले में निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता संबंधी कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां खामियां मिलीं, वहां ठेकेदारों को सुधार कर दोबारा निर्माण करने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन द्वारा रतनपुर से कबीर चौरा तक बनाई जा रही 97 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना का निरीक्षण किया। करीब 510 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने से बिलासपुर, रतनपुर, कोटा, पेंड्रा और गौरेला क्षेत्र के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लगभग 7 किलोमीटर लंबे रतनपुर बायपास का भी जायजा लिया। यह बायपास रतनपुर नगर में भारी वाहनों के दबाव को कम करने और यातायात को सुचारू बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके बनने से लंबी दूरी के वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश किए बिना आवाजाही की सुविधा मिलेगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
सचिव बंसल ने कुछ स्थानों पर निर्माण गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर अधिकारियों और ठेकेदारों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा होने तक संबंधित भुगतान रोका जाए। साथ ही जिला प्रशासन के समन्वय से भू-अर्जन के लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने को कहा, ताकि परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हो सकें।
निरीक्षण के दौरान ईएनसी वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, ज्ञानेश्वर कश्यप, जी.एस. मंडावी सहित विभागीय अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे। सचिव ने कहा कि सड़क परियोजनाएं सीधे जनता और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी हैं, इसलिए गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।





