चक्रवात अर्नब का असर: छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में कल स्कूल बंद, आदेश जारी

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बुधवार सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। वहीं, कुछ इलाकों में मंगलवार रात से बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के पांच जिलों में भारी बारिश की आशंका के बीच रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
बारिश और खराब मौसम की आशंका के बीच प्रदेश के 10 जिलों में 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। संबंधित जिलों के कलेक्टरों के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारियों ने अवकाश घोषित किया है।
इन 10 जिलों में स्कूलों की छुट्टी
जारी आदेश के मुताबिक रायपुर, बिलासपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, कांकेर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सूरजपुर जिले में गुरुवार को स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश संबंधित जिलों के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों पर लागू होगा।
बस्तर संभाग में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिले में भारी बारिश की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मौसम बिगड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी बनी हुई है।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पढ़े आदेश की कॉपी













