I-PAC डायरेक्टर विनेश चंदेल गिरफ्तार: बंगाल चुनाव से पहले ED की कार्रवाई, TMC ने उठाए सवाल

दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने I-PAC के डायरेक्टर और को-फाउंडर विनेश चंदेल को कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें सोमवार शाम दिल्ली से हिरासत में लिया गया और कोर्ट में पेश कर कस्टडी की मांग की गई।
यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है, जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है। I-PAC मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए चुनावी रणनीति तैयार करती है, इसलिए इस गिरफ्तारी को राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है।
TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव से ठीक पहले एजेंसियों की ऐसी कार्रवाई निष्पक्ष माहौल नहीं, बल्कि डर का माहौल बनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ED, CBI और NIA जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
इससे पहले 2 अप्रैल को ED ने दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई समेत कई शहरों में I-PAC से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। इनमें कंपनी के अन्य डायरेक्टरों और सहयोगियों के परिसरों को भी शामिल किया गया।
जांच एजेंसी के मुताबिक, यह मामला करीब 2,742 करोड़ रुपए के कथित कोयला घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। आरोप है कि हवाला के जरिए करोड़ों रुपए I-PAC तक पहुंचाए गए। इस मामले में CBI ने पहले ही FIR दर्ज की थी, जिसके आधार पर ED ने जांच शुरू की।
वहीं, TMC और राज्य सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि यह कार्रवाई चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति को प्रभावित करने की कोशिश है।
फिलहाल, मामले की जांच जारी है और ED इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। वहीं, इस गिरफ्तारी ने बंगाल चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।



