StateNewsदेश - विदेश

छत्तीसगढ़ में बारिश से हाईवे डूबा, घरों में पानी; यूपी में ओले, कई राज्यों में राहत

दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर जारी है। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को हुई तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया।

कांकेर जिले के चारामा में नेशनल हाईवे-30 पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित रहा। मनेंद्रगढ़ के जनकपुर इलाके में बारिश का पानी घरों में घुस गया, वहीं पेंड्रा में तेज आंधी के कारण कई पेड़ गिर गए।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। लगातार बारिश के चलते प्रदेश का अधिकतम तापमान 40°C से नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

राजस्थान में भी मौसम सुहावना रहा। बाड़मेर और फलोदी को छोड़कर लगभग सभी शहरों में तापमान 40°C से नीचे दर्ज किया गया।

इधर, बिहार और मध्य प्रदेश में भी बारिश का असर देखने को मिला। बिहार में पिछले 24 घंटे में 89.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 182% अधिक है।

मौसम विभाग ने राज्य में 7 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के 28 जिलों में तेज हवा और बारिश की चेतावनी दी गई है।

हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। 10 मई के बाद उत्तर भारत में गर्मी का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही अरब सागर में मानसून-पूर्व चक्रवाती सिस्टम बनने के संकेत मिल रहे हैं, जो आने वाले दिनों में मौसम को और प्रभावित कर सकता है।

अगले दो दिनों में कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। फिलहाल, देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है।

Related Articles

Back to top button