ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 50-60 Kmph की हवाएं चलेंगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम का असर दिखाई दे रहा है। हालांकि, IMD के अनुसार यह सिस्टम अभी चक्रवात नहीं बना है। 23 सितंबर को यह डीप डिप्रेशन के रूप में सक्रिय था और इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 से 27 सितंबर तक कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। एक-दो जगह अत्यधिक भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। बस्तर संभाग में इसका असर पहले से दिखाई दे रहा है। जगदलपुर में पिछले 24 घंटे में 29.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रायपुर-लालपुर में 4.9 मिमी और बिलासपुर में 7.4 मिमी बारिश हुई।

24 से 26 सितंबर तक तेज बारिश

प्रदेश में 24 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।

25 और 26 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दक्षिणी जिलों में बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है।

27 सितंबर तक जारी रह सकता है असर

27 सितंबर को भी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 28 और 29 सितंबर को भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है, हालांकि इन दोनों दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश के दौरान स्थानीय मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button