ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी की फ्लाइट का प्रस्ताव, DGCA से मंजूरी का इंतजार

दिल्ली7 छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी चल रही है। एलायंस एयर ने रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी के लिए विमान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है। कंपनी ने प्रस्तावित विंटर फ्लाइट शेड्यूल DGCA को भेजा है। मंजूरी मिलने के बाद इस रूट पर विमान सेवा शुरू हो सकती है। शुरुआती तौर पर सप्ताह में दो दिन उड़ान संचालित करने की योजना है।

एलायंस एयर ने रायपुर-अंबिकापुर से रांची या पटना के लिए भी विमान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। इनमें से किस रूट पर सेवा शुरू होगी, यह DGCA की मंजूरी और संचालन से जुड़ी परिस्थितियों के बाद तय होगा। यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर आगे उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

वाराणसी कनेक्टिविटी से यात्रियों को फायदा

रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी रूट शुरू होने से सरगुजा क्षेत्र के यात्रियों को वाराणसी तक हवाई कनेक्टिविटी मिल सकेगी। धार्मिक और व्यावसायिक यात्रा के लिए वाराणसी जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा हो सकता है। हालांकि, उड़ान की शुरुआत और समय-सारिणी DGCA की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगी।

अंबिकापुर से दिल्ली की फ्लाइट जारी

अंबिकापुर से हवाई सेवाओं के विस्तार के तहत एलायंस एयर पहले बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली और कोलकाता रूट पर सेवा शुरू कर चुकी है। कम यात्री मिलने के कारण कोलकाता सेवा बंद कर दी गई। फिलहाल अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को उड़ान संचालित हो रही है।

दिल्ली फ्लाइट को लेकर बदलाव की चर्चा

विंटर शेड्यूल में दिल्ली की फ्लाइट के संचालन के दिनों में बदलाव की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एलायंस एयर ने 21 अक्टूबर के बाद की बुकिंग भी अभी शुरू नहीं की है। वहीं, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर दिल्ली फ्लाइट को सप्ताह में चार दिन संचालित करने की मांग की है।

नए रूट के लिए एलायंस एयर के 72 सीटर विमान से संचालन की तैयारी है। मां महामाया एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुशील श्रीवास्तव के मुताबिक, विंटर शेड्यूल की आधिकारिक जानकारी अभी नहीं मिली है। DGCA की मंजूरी के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button