ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

देशभर में गर्मी का कहर: 7 शहरों में पारा 46°C पार, अकोला सबसे गर्म; कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट

दिल्ली। देशभर में गर्मी ने अपने तेवर और तीखे कर लिए हैं। पूर्वोत्तर राज्यों को छोड़कर लगभग पूरे भारत में तापमान 40°C से 46°C के बीच बना हुआ है। खासकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई शहर भीषण लू की चपेट में हैं। रविवार को इन तीन राज्यों के 7 शहरों में तापमान 46°C के पार दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

महाराष्ट्र के अकोला में सबसे अधिक 46.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद अमरावती (46.8°C), बांदा (46.6°C), वर्धा और बाड़मेर (46.4°C), जबकि जैसलमेर और यवतमाल में 46°C तापमान दर्ज हुआ। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पहली बार पारा 45°C तक पहुंच गया, जबकि भोपाल और इंदौर में 43°C दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर साफ दिख रहा है। बिहार के आरा में गर्मी के कारण एक निजी स्कूल की महिला कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं उत्तराखंड के देहरादून में बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने 1 से 12वीं तक के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन हालात और गंभीर रह सकते हैं। 28 और 29 अप्रैल को बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर गर्म रातें भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। वहीं असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है।

हालांकि, कुछ राज्यों में राहत की खबर भी है। राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। बावजूद इसके, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button