बंगाल में चुनावी हिंसा: पीएम रैली से पहले BJP-TMC भिड़ंत, CISF जवान को गोली लगने का दावा

दिल्ली। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के जगदल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली से ठीक पहले राजनीतिक माहौल हिंसक हो गया। रविवार रात BJP और TMC समर्थकों के बीच जमकर झड़प हुई, जिसमें पत्थरबाजी, फायरिंग और देशी बम फेंके जाने की घटनाएं सामने आईं। इस हिंसा में तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक CISF जवान के पैर में गोली लगने का दावा किया गया है।
घटना उस समय शुरू हुई जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रैली के लिए लगाए गए पोस्टर और झंडों को फाड़ दिया गया। इस मामले की शिकायत करने जब कार्यकर्ता थाने पहुंचे, तो वहां TMC समर्थक भी पहुंच गए। थाने के सामने ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, भाटपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन कुमार सिंह के घर पर भी बम फेंका गया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। भाजपा का कहना है कि पुलिस मौके से हट गई, जिससे TMC समर्थकों को हमला करने का मौका मिला। वहीं TMC ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने CISF सुरक्षा के साथ थाने में घुसकर उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
बंगाल में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है और 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है। ऐसे में इस तरह की हिंसक घटनाएं चुनावी माहौल को और ज्यादा संवेदनशील बना रही हैं। प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।





