देश के कई राज्यों में बारिश-बाढ़ का कहर, उत्तराखंड में ओले गिरे; यूपी में 40 हजार घर डूबे

दिल्ली। देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है। उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में शुक्रवार को रुक-रुककर बारिश हुई। छह जिलों में ओले गिरे। पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में तेज बारिश के कारण सड़क किनारे खड़ी स्कूटी, बाइक और अन्य वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए।
हरिद्वार में ओले गिरने से कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। रामनगर में पर्यटकों की चलती इलेक्ट्रिक कार पर पेड़ गिर गया। चमोली में बद्रीनाथ हाईवे और पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग समेत कई सड़कों पर मलबा और पेड़ गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई। जोशीमठ में बारिश का पानी और मलबा घरों में घुस गया।
यूपी में 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
उत्तर प्रदेश में बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 12वें दिन बढ़ रहा है। यहां 40 हजार से ज्यादा घर आधे से अधिक पानी में डूब चुके हैं और 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।
फैजुल्लागंज की सड़कों पर नावें चल रही हैं। गोंडा के आठ गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जहां 7 हजार से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के कटाव से 13 घर और चार मंदिर नदी में समा चुके हैं। वहीं, रायबरेली में सई नदी उफान पर है और निचले इलाकों के घरों में पानी भर गया है।
बिहार के पांच जिलों में आकाशीय बिजली का अलर्ट
बिहार के बेतिया, खगड़िया, मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर में शनिवार सुबह से बारिश हो रही है। पटना में काले बादल छाए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और वैशाली में आकाशीय बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भागलपुर के नवगछिया स्थित राघोपुर के पास गंगा नदी के कटाव से कई घर नदी में समा गए। कटाव के खतरे के कारण लोग अपने घर खाली कर रहे हैं।
अन्य राज्यों में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान के पांच जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। 11 अक्टूबर से चूरू और सीकर में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है।
उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। नौ जिलों में बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है। हरियाणा के चार जिलों में बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। पंजाब के तीन जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है।



