StateNewsदेश - विदेश

जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले सख्ती: 600 समर्थक हिरासत में, ध्रुव राठी को पुलिस ने घर से उठाया

दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे करीब 600 समर्थकों को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की है और कुछ स्थानों पर सड़क पर कीलें भी लगाई गई हैं। कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की खबर है।

पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिया। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके मुंबई से दिल्ली पहुंच रहे हैं। संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी ने SIR के जरिए वोट चोरी होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।

कई इलाकों में पुलिस की चेकिंग

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, फिरोज शाह रोड, अशोक रोड और चुनाव आयोग मुख्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। फरीदाबाद में भी दिल्ली जाने वाली गाड़ियों की जांच की जा रही है। पुलिस बसों और अन्य वाहनों में प्रदर्शनकारियों की तलाश कर रही है।

कनॉट प्लेस के इंदिरा चौक पर शनिवार सुबह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया। छात्रों ने आरोप लगाया कि हिरासत में ले जाते समय एक छात्र की दम घुटने से तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस वाहन को पीटना शुरू कर दिया। इंदिरा चौक से 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

AAP और लेफ्ट के शामिल होने की घोषणा

CJP ने प्रदर्शन में शामिल होने के लिए विपक्षी दलों को आमंत्रित किया था। आम आदमी पार्टी और वामपंथी संगठनों ने इसमें शामिल होने की घोषणा की है, जबकि कांग्रेस ने प्रदर्शन से दूरी बनाई है। तृणमूल कांग्रेस ने समर्थन दिया है। सोनम वांगचुक ने भी स्पष्ट किया है कि वे प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाएंगे।

प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। CJP ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया है, जबकि दिल्ली पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button