StateNewsदेश - विदेश

एयरपोर्ट पर ₹4.5 करोड़ का गांजा जब्त, बैंकॉक से आए भारतीय यात्री गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12.85 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपए बताई गई है। मामले में बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 6 अक्टूबर को थाईलैंड से भारत आया था।

कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, यात्री बैंकॉक से उड़ान भरकर दिल्ली पहुंचा था। 6 अक्टूबर को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उतरने के बाद उसे प्रोफाइलिंग के आधार पर जांच के लिए रोका गया। अधिकारियों को उसकी गतिविधियों और यात्रा संबंधी जानकारी के आधार पर संदेह हुआ था।

ट्रॉली बैग से मिले 13 पैकेट

यात्री के सामान की जांच के दौरान उसके सिल्वर रंग के ट्रॉली बैग से 13 पॉलिथीन पैकेट बरामद किए गए। इन पैकेटों में गांजा रखा हुआ था। कस्टम अधिकारियों ने कुल 12.85 किलो गांजा जब्त किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपए आंकी गई है।

बरामदगी के बाद कस्टम विभाग ने यात्री को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था।

तस्करी के नेटवर्क की जांच

जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। साथ ही, उसके संपर्कों और यात्रा के उद्देश्य की भी जांच की जा सकती है। फिलहाल, आरोपी की पहचान और गांजे की अंतिम खेप कहां पहुंचाई जानी थी, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button