रायपुर में कार-ट्रैक्टर की भिड़ंत, पुलिसकर्मी समेत 2 की मौत; बिलासपुर में स्कूटी की टक्कर से बुजुर्ग ने दम तोड़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। रायपुर के खरोरा क्षेत्र में कार और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में पुलिसकर्मी समेत दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, बिलासपुर में तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से सड़क पार कर रहा बुजुर्ग घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों घटनाओं में वाहन चालक मौके से फरार हो गए।
खरोरा में कार और ट्रैक्टर की भिड़ंत
पहली घटना रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, तर्रा गांव निवासी पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी कार में सवार होकर खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगोली गांव के पास उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपी गंभीर रूप से घायल होकर कार में फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। उसे दौंदेकला स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सिलतरा थाने में पदस्थ था पुलिसकर्मी
पुलिस के मुताबिक, मृतक कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पदस्थ था। खरोरा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बिलासपुर में स्कूटी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
दूसरी घटना बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र की है। यहां सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार स्कूटी ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्कूटी सवार दोनों लोग मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





