ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

चाम्पा स्कूल में राज्यपाल रमेन डेका ने किया सभाकक्ष का लोकार्पण, मेधावी छात्रों और 9 युवाओं का सम्मान

बलौदाबाजार। राज्यपाल रमेन डेका ने बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम चाम्पा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित लोकार्पण एवं सम्मान समारोह में हिस्सा लिया।

उन्होंने स्कूल के नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। इस मौके पर वरिष्ठ शिक्षकों, 10वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों, पीएटी में चयनित छात्रों और ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार पाने वाले 9 युवाओं को सम्मानित किया।

राज्यपाल ने कहा कि नया सभाकक्ष विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सांस्कृतिक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। उन्होंने शिक्षकों से अपने आचरण के जरिए विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल बनने की अपील की।

छात्रों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए जुनून और लगातार मेहनत जरूरी है। उन्होंने नई शिक्षा नीति को कौशल विकास और विषय विशेषज्ञता के लिए उपयोगी बताया।

मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित इस्तेमाल की सलाह

राज्यपाल ने छात्रों को मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और AI सुविधाजनक हैं, लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल आत्ममंथन और रचनात्मकता को प्रभावित कर सकता है।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राज्यपाल के चाम्पा आगमन को गांव के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का बोध भी कराते हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

राज्यपाल ने अपनी स्वर्गीय माता चम्पावती डेका की स्मृति में स्कूल परिसर में अमलताश का पौधा लगाया। ‘बिहान’ की आजीविका दीदियों ने धान और चावल के बीजों से बनी हस्तनिर्मित राखी उन्हें बांधी। राज्यपाल ने इसकी सराहना की। कार्यक्रम में स्टेट टॉपर जिज्ञासु वर्मा समेत अन्य प्रतिभावान विद्यार्थियों और चयनित छात्रों को भी सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button