ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

थाने के बाहर कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना: कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR वापस लेने और भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग

खम्हारडीह थाने के बाहर रातभर डटे रहे कांग्रेसी, पीसीसी चीफ दीपक बैज बोले- एकतरफा कार्रवाई स्वीकार नहीं

रायपुर। रायपुर में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद सियासी माहौल गरमा गया है।

इसी क्रम में रायपुर के खम्हारडीह थाना के बाहर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को भी जारी रहा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है और कार्रवाई वापस लेने के साथ भाजपा नेताओं पर भी मामला दर्ज करने की मांग की है।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस मुख्यालय का घेराव और प्रदर्शन किया गया, लेकिन पुलिस ने केवल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की।

इसी के विरोध में दीपक बैज थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। मांग पूरी नहीं होने पर कांग्रेस नेताओं ने थाने के बाहर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया, जो देर रात तक जारी रहा।

धरने के दौरान दीपक बैज ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहा है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि जब तक दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली जाती और भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

बैज ने भाजपा के प्रदर्शन को कांग्रेस मुख्यालय पर हमला बताते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की।

उनका कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष होगी तो पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ जाएगी।

फिलहाल खम्हारडीह थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले में मिले आवेदन और उपलब्ध तथ्यों की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button