शॉर्ट सर्किट से सोलर पैनल में लगी आग, इलेक्ट्रॉनिक्स शो रूम का टॉप फ्लोर खाक; दो बसें जलीं

राजनांदगांव। शहर में शनिवार सुबह आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना वीआईपी रोड स्थित अंशदीप इलेक्ट्रॉनिक्स शो रूम में हुई, जहां शॉर्ट सर्किट के कारण सोलर पैनल में आग लग गई। देखते ही देखते आग शो रूम के टॉप फ्लोर तक फैल गई। हालांकि समय रहते सूचना मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार सुबह शो रूम खुलने के समय कर्मचारियों ने छत की ओर से धुआं उठता देखा। जब वे ऊपर पहुंचे तो सोलर पैनल में आग लगी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी और बाद में सोलर पैनल के मॉड्यूल में ब्लास्ट होने से आग तेजी से फैल गई।
शो रूम का टॉप फ्लोर फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के गोदाम के रूप में उपयोग किया जाता था। यहां बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
बहुमंजिला इमारत होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग बुझाई जा सकी। इसके बाद दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए कूलिंग का काम किया गया। गोदाम में रखे लाखों रुपए के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दूसरी घटना पाताल भैरवी मंदिर के पास दादा ट्रैवल्स के यार्ड में हुई। यहां अचानक आग लगने से खड़ी दो बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलने पर दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। हालांकि कर्मचारियों और दमकल कर्मियों की सतर्कता से यार्ड में खड़ी अन्य बसों को बचा लिया गया।
अंशदीप इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक अंशु बग्गा परिवार के साथ पंजाब गए हुए थे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। पुलिस ने कहा है कि संचालक के लौटने के बाद मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।



