StateNewsदेश - विदेश

तेलंगाना में ट्रक से टकराई इलेक्ट्रिक बस, 6 की मौत: 5 महिलाएं शामिल; लोहे के पिलर चीरते हुए बस में घुसे, 12 घायल

सूर्यापेट। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही एक इलेक्ट्रिक बस ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 12 यात्री घायल हुए हैं। इनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोडाड मंडल में हुआ। बस में कुल 42 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ट्रक में लदे लोहे के पिलर बस में घुसे

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में लोहे के भारी पिलर लदे हुए थे। बस के पीछे से टक्कर मारते ही पिलरों को बांधकर रखने वाली चेन टूट गई। इसके बाद कई भारी पिलर तेजी से आगे की ओर खिसकते हुए बस की दाईं तरफ घुस गए।

पुलिस का कहना है कि बस के आगे बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। पिलरों की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद बस के एक हिस्से से शवों को बाहर निकाला गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस ने शुरुआती जांच में बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया है। यह भी आशंका है कि बस की टक्कर से पहले ट्रक सड़क के डिवाइडर से टकराया होगा। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

घायलों में दो की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित अस्पताल भेजा गया है।

CM रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button