‘सेवा सेतु’ से 24 घंटे में मिला आय प्रमाण-पत्र, समय पर हुआ छात्रा का कॉलेज में प्रवेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की डिजिटल पहल ‘सेवा सेतु पोर्टल’ आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
इस व्यवस्था के जरिए शासकीय सेवाएं अब सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं।
राजनांदगांव जिले में सेवा सेतु केंद्र की त्वरित कार्रवाई से एक छात्रा को महज 24 घंटे में आय प्रमाण-पत्र मिल गया, जिससे उसका कॉलेज में समय पर प्रवेश सुनिश्चित हो सका।
राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम आयबांधा निवासी तोरण लाल अपनी बेटी निकिता के कॉलेज एडमिशन को लेकर चिंतित थे।
उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए आय प्रमाण-पत्र अनिवार्य था, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि बेहद नजदीक थी। समय पर प्रमाण-पत्र नहीं मिलने की स्थिति में छात्रा का दाखिला रुकने की आशंका थी।
इसी दौरान तोरण लाल को डोंगरगांव स्थित सेवा सेतु केंद्र की जानकारी मिली। वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ केंद्र पहुंचे, जहां संचालक ने पूरी प्रक्रिया समझाकर 22 जून 2026 को उनका ऑनलाइन आवेदन दर्ज किया।
डिजिटल प्रणाली के जरिए आवेदन का तेजी से निराकरण हुआ और केवल 24 घंटे के भीतर आय प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। इससे निकिता का कॉलेज में प्रवेश तय समय सीमा के भीतर हो गया।
तोरण लाल ने बताया कि पहले ऐसे दस्तावेज बनवाने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और पैसा दोनों खर्च होते थे।
लेकिन सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से उनका काम बेहद आसानी और कम समय में पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि समय पर प्रमाण-पत्र मिलने से उनकी बेटी का भविष्य सुरक्षित हो सका।
राज्य सरकार के अनुसार सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, राजस्व सेवाएं, राशन कार्ड, पेंशन सहित 400 से अधिक शासकीय सेवाओं का लाभ ऑनलाइन या निकटतम सेवा केंद्र के माध्यम से प्राप्त कर रहे हैं।
यह डिजिटल व्यवस्था लोगों का समय और धन बचाने के साथ सुशासन को भी मजबूत बना रही है।





