डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक आवेदन, 1 नवंबर को होगा सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ कृषि विभाग ने राज्य के प्रगतिशील किसानों से डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। चयनित किसान को राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर 2026 के अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
कृषि विभाग के अनुसार इच्छुक किसान अपने नजदीकी उप संचालक कृषि या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के कार्यालय से नि:शुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा।
आवेदन के साथ किसान को अधिकतम दो पृष्ठों में अपनी कृषि उपलब्धियों की सफलता की कहानी, खेती से जुड़े छायाचित्र तथा आधुनिक या नवाचारी खेती को प्रदर्शित करने वाली वीडियो सीडी भी जमा करनी होगी।
विभाग का उद्देश्य ऐसे किसानों का चयन करना है, जिन्होंने खेती में नवाचार अपनाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
पुरस्कार के लिए पात्रता के तहत किसान का छत्तीसगढ़ में पिछले कम से कम 10 वर्षों से लगातार कृषि कार्य करना आवश्यक है।
साथ ही उसकी वार्षिक आय का कम से कम 75 प्रतिशत हिस्सा कृषि गतिविधियों से होना चाहिए। आवेदक पर तकाबी, सिंचाई शुल्क या सहकारी बैंक का कोई कालातीत ऋण बकाया नहीं होना चाहिए।
किसानों का मूल्यांकन खेती में नई तकनीकों के उपयोग, फसल विविधीकरण, समन्वित कृषि प्रणाली, पिछले तीन वर्षों की उत्पादकता, कृषि नवाचार, अन्य किसानों को प्रेरित करने तथा भूमि एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले विकासखंड स्तर पर आवेदनों का सत्यापन, फिर जिला स्तरीय स्क्रीनिंग और अंत में राज्य स्तरीय जूरी अंतिम चयन करेगी।
कृषि विभाग ने पात्र किसानों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का लाभ उठाने की अपील की है।




