StateNewsदेश - विदेश

DMK का घोषणा पत्र जारी: महिलाओं को 8000 कूपन का वादा, बंगाल में चुनाव आयोग का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

दिल्ली। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसमें खासतौर पर महिलाओं को ध्यान में रखते हुए कई बड़े वादे किए गए हैं।

पार्टी ने आयकर दायरे से बाहर आने वाले परिवारों की महिला मुखिया को 8,000 रुपए का ‘इल्लथरसी’ कूपन देने का ऐलान किया है। इस कूपन के जरिए महिलाएं टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन जैसे घरेलू उपकरण खरीद या बदल सकेंगी।

इसके अलावा महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता राशि को 1,000 रुपए से बढ़ाकर 2,000 रुपए करने और स्वास्थ्य बीमा की सीमा 10 लाख रुपए तक करने का भी वादा किया गया है।

इधर निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव को निष्पक्ष बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। आयोग ने 173 पुलिस थानों के प्रभारियों का तबादला कर दिया, जिनमें कोलकाता के 31 थाने शामिल हैं।

सबसे अहम बदलाव ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर और हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम में किया गया है। भवानीपुर में अब एसटीएफ के अधिकारी सौमित्र बसु को जिम्मेदारी दी गई है।

इसके साथ ही 18 जिलों में 97 बीडीओ और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों का भी ट्रांसफर किया गया है। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

वहीं, अभिनेता से नेता बने विजय ने भी अपनी पार्टी TVK के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। उन्होंने 234 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए नशामुक्त तमिलनाडु, छात्रों को 20 लाख रुपए तक बिना गारंटी ऋण और बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने जैसे वादे किए हैं। विजय आज से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।

Related Articles

Back to top button